अमृत जायसवाल | महराजगंज4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

वर्करों को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार की अध्यक्षता में संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के 176 फ्रंटलाइन वर्करों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों के स्वागत से हुई। इसके बाद आईसीडीएस, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अभियान के दौरान अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने अभियान के कार्यान्वयन के दौरान आई चुनौतियों और उनसे निपटने की रणनीतियों पर प्रकाश डाला।
जिलाधिकारी संतोष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद के विभिन्न ब्लॉकों ने संपूर्णता अभियान में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। मिठौरा ब्लॉक ने गर्भवती महिलाओं के एएनसी एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य किया है। निचलौल ब्लॉक ने स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में संपूर्ण प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त कर एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त अनुदान हासिल किया है।
जिलाधिकारी ने आकांक्षी ब्लॉक योजना को एक प्रभावी मंच बताया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से ब्लॉक स्तर पर विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है। उन्होंने आकांक्षी ब्लॉकों के लिए SWOT एनालिसिस टीम के गठन का निर्देश दिया। साथ ही ब्लॉक-केंद्रित कार्ययोजना बनाने पर बल दिया। प्रत्येक ब्लॉक को न्यूनतम एक क्षेत्र में संतृप्तिकरण लक्ष्य प्राप्त करने का लक्ष्य सौंपा गया।
फ्रंटलाइन वर्कर्स की भूमिका की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह सम्मान उनके प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि फ्रंटलाइन वर्कर्स वह नींव हैं जिन पर योजनाओं की सफलता की इमारत खड़ी होती है। उन्होंने कर्मियों से अपने दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की व्यवस्था को मजबूत करने और क्लस्टर अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने संपूर्णता अभियान की रूपरेखा और उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक, डीआरडीए द्वारा किया गया।
समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्रीकांत शुक्ला, जिला विकास अधिकारी बी.एन.कन्नौजिया,मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हौसला प्रसाद,डीपीओ दुर्गेश कुमार सहित आईसीडीएस,स्वास्थ्य,शिक्षा,कृषि विभाग, सीएम फेलो,एबीपी फेलो एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं फ्रंटलाइन वर्कर उपस्थित रहे।