टीवी के विवादित शो बिग बॉस पर हमेशा से स्क्रिप्टेड होने के आरोप लगते रहे हैं। कई सारे एक्स कंटेस्टेंट शो को पहले से स्क्रिप्टेड बता चुके हैं। इस लिस्ट में अब द ग्रेट खली का नाम शामिल हो गया है। उन्होंने भी बिग बॉस की पोल खोलते हुए कहा है कि इस शो की स्क्रिप्ट पहले से लिखी होती है। सरदार्स टेक नाम के पॉडकास्ट में खली ने बिग बॉस के बारे में कहा, ‘सारे शो स्क्रिप्टेड होते हैं। ये शो भी स्क्रिप्टेड है। सब बताते हैं कि शो में आने के बाद क्या करना है। मैं कहता हूं कि सारी दुनिया ही स्क्रिप्टेड है। आजकल तो शादियां भी स्क्रिप्टेड होती हैं। WWE के बारे में पूछने पर खली बोले कि उसकी भी स्क्रिप्ट पहले से तय होती है।’ बिग बॉस 4 में नजर आए थे खली रेसलर ‘द ग्रेट खली’ ने वाइल्ड कार्ड के जरिए बिग बॉस के सीजन-4 में एंट्री ली थी। ये सीजन साल 2010 में टेलिकास्ट हुआ था। शो के बाकी तीन कंटेस्टेंट के साथ वे शो के आखिरी हफ्ते तक भी पहुंचे थे। वे इस सीजन में रनर अप रहे थे। बिग बॉस के घर से बाहर आने के बाद खली ने शो को लेकर कई खुलासे किए थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘बिग बॉस में कंटेस्टेंट जो टॉस्क करते हैं वो प्री-प्लान्ड होते हैं’।’लोगों को दिखाने और TRP बढ़ाने के लिए उसे ऐसा बताया जाता है कि जैसे सब कुछ लाइव हो रहा हो’। उनके मुताबिक ‘इस शो में होने वाली हर चीज स्क्रिप्टेड होती है, जिसमें आपको एक्टिंग करनी होती है’।